जिला बहराइच के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में देर रात हुए जंगली जानवर के हमले में एक बच्ची की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को देर रात जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। वहीं बच्ची का शव मिलने के बाद अज्ञात जानवर की तलाश में वन विभाग की टीम जुट गई है। बताया जा रहा है कि देर रात फखरपुर थाना क्षेत्र के बभनन पुरवा पूर्व में देर रात महिला जानवर को चारा देने गई थी उसी वक्त अज्ञात जानवर ने महिला पर हमला कर दिया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, दूसरी तरफ बौंडी थाना क्षेत्र के भौरी गांव में अज्ञात जानवर ने एक बच्ची को बिस्तर से उठा लिया और उसको अपना निवाला बना लिया। एक रात में हुई दो घटनाओं की वजह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल फैल गया है। हालांकि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर अज्ञात जानवर की तलाश में जुट गई है। घायल महिला शिव प्यारी के परिजनों का कहना है कि हमला भेड़िए का है लेकिन वन विभाग की तरफ से अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है कि यह अज्ञात जानवर कौन सा है।