सिविल लाइन निवासी एक ग्राम विकास अधिकारी शनिवार को अपनी कार से इकौना जा रहे थे। इसी दौरान उनकी सीएनजी कार में अज्ञात कारणों से आग लग गई। खतरा देख वह कार से नीचे उतर गए। कुछ ही मिनटों में कार धूधूकर जलने लगी। अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। सिविल लाइन निवासी राकेश वर्मा श्रावस्ती जिले के इकौना में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार की सुबह वह अपनी सीएनजी कार से कार्यालय जाने के लिए निकले थे। कोतवाली देहात के पास पहुंचने पर उन्हें अपनी कार में गर्मी का एहसास हुआ। जिस पर उन्होंने कार का एसी चला दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में कार अधिक गर्म हो गई। उन्होंने कार से नीचे उतरकर देखा तो उनकी कार से आग की लपटें उठ रही थीं। जब तक वह आग बुझाने का प्रयास करते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन कर्मियों को इसकी सूचना दी। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया, लेकिन इस दौरान कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। बीच सड़क कार जलने से मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जिसे हटवाने में पुलिस कर्मियों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।