बहराइच में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नेपालगंज से रूपईडीहा आने-जाने वाले नागरिकों को लगातार घने कोहरे और सर्द हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार की सुबह कोहरे का प्रकोप जारी रहा। इससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। सीमा क्षेत्र में कोहरे के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ रहा है। सर्द हवाओं के चलते ठंड में और इजाफा हो गया है। इससे राहगीरों और यात्रियों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। कोहरे की वजह से सीमा मार्ग पर वाहनों की गति धीमी हो गई है। खासकर सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, कामकाजी लोगों और व्यापारियों को आवागमन में सावधानी बरतनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे में गति नियंत्रित रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।