फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच में समितियों पर खाद का संकट, समितियों से लौटे किसान; जिम्मेदार बोले-पर्याप्त खाद भेजी गई, होगी जांच

बहराइच में खरीफ सीजन के बीच खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। तहसील नानपारा की कई सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध न होने से किसान एक समिति से दूसरी समिति तक भटकने को मजबूर हैं। सोमवार सुबह नानपारा-शिवपुर मार्ग स्थित इफ्को समिति पर टोकन लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। दूरदराज गांवों से पहुंचे कई किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिल सकी। दीवान मटेरा के सेमरिया निवासी नसीब अली ने बताया कि सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन टोकन नहीं मिल पाया। उनके गांव की समिति पर खाद खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया गया। चहलार निवासी शहजाद अली ने बताया कि पिपरी माफी समिति पर खाद आने के बावजूद कुछ ही देर में खत्म होने की बात कह दी जाती है। अंबरपुर निवासी बीपत ने बताया कि शिवपुर ब्लॉक की समिति पर इस सीजन खाद नहीं मिलने से उन्हें कई किलोमीटर दूर नानपारा आना पड़ रहा है। इफ्को समिति नानपारा के सचिव शैलेश पांडे ने बताया कि यहां दूर-दूर से किसान खाद लेने पहुंच रहे हैं। इससे प्रतीत होता है कि आसपास की कुछ समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वहीं जिला कृषि अधिकारी सूबेदार सिंह ने कहा कि सभी समितियों को पर्याप्त मात्रा में खाद भेजी जा रही है। यदि कहीं किसानों को खाद नहीं मिल रही है तो इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवहन संबंधी कारणों से एक-दो दिन की देरी हो सकती है, लेकिन जिले में खाद की आपूर्ति लगातार जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें