यूपी के बहराइच में कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत कारीकोट के आजमगढ़ पुरवा में चार दिन पहले सात साल के मासूम को जान से मारने व भट्टा बरगद पुरवा में 20 साल के युवक को घायल करने वाला तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। निशानगाड़ा रेंज के रेंजर सुरेंद्र श्रीवास्तव ने रविवार की दोपहर को आजमगढ़ पुरवा गांव निवासी जसवंत के खेत व भट्टा बरगद पुरवा गांव में पिंजरा लगाया था। दो दिन तक चकमा देने के बाद तीसरे दिन मंगलवार की रात 11 बजे रात के अंधेरे में शिकार की तलाश में भट्टा बरगद पुरवा गांव में घुसा तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। इसके कैद होते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ उसे देखने के लिए एकत्रित हो गई। वन विभाग की टीम ने आनन-फानन में उसे ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर रेंज कार्यालय निशानगाड़ा पहुंचा दिया। वहीं तेंदुए के पकड़े जाने से गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है।