यूपी में बहराइच के रुपईडीहा में नवनिर्मित नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के संचालन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में एडीआरएम भुवनेश सिंह ने स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था एवं शेष निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य शीघ्र पूर्ण कर स्टेशन को संचालन के लिए तैयार किया जाए। लगातार हो रहे अधिकारियों के ताबड़तोड़ निरीक्षण से यह माना जा रहा है कि रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन बहुत जल्द शुरू हो सकता है। संभावना जताई जा रही है कि रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि जल्द ही हरी झंडी दिखाकर संचालन की शुरुआत कर सकते हैं।