फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच में आमने-सामने कारों की भिड़ंत, सात लोग गंभीर घायल

बहराइच में लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रुकनापुर के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के तुरंत बाद एक कार में आग लग गई। सड़क पर आग की लपटें उठती देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों वाहनों में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हुंडई कार लखनऊ की ओर से बहराइच की तरफ आ रही थी, जबकि अर्टिगा कार बहराइच से लखनऊ की तरफ जा रही थी। लखनऊ बहराइच मार्ग पर दोपहर 12 बजे के आसपास रुकनापुर के पास तेज रफ्तार दोनों वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हुंडई कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार के अंदर से लोगों को निकालते ही कार के अगले हिस्से में अचानक आग लग गई। यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। अर्टिगा कार में सवार चेतराम (60), मिथिलेश (40) निवासी सुवागड़ा थाना फखरपुर, मीना कुशवाहा (45), अगम सिंह तथा अमूल्य कुशवाहा (17) निवासी बहराइच घायल हो गए। वहीं हुंडई कार में सवार बाराबंकी निवासी रुद्र प्रताप (46) और जितेंद्र सिंह (48) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कुंडासर चौकी प्रभारी पीएन पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केसरगंज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें