बहराइच के कतर्निया वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत सुजौली रेंज के जंगल गुलहरिया गांव के मजरे धर्मपुर रेतिया में मंगलवार को एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला। गांव के पास स्थित घने जंगल में एक तेंदुआ सेमल के पेड़ पर मस्ती में लेटा हुआ नजर आया। इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों में उत्सुकता फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग तेंदुए को देखने के लिए जुट गए। ग्रामीणों ने तेंदुए की तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जिससे यह दृश्य तेजी से चर्चा का विषय बन गया। तेंदुआ कुछ समय तक आराम से पेड़ की शाखाओं पर बैठा रहा और फिर खुद ही उतरकर जंगल की ओर चला गया। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी दीपक चौधरी ने बताया कि कतर्निया वन्यजीव प्रभाग के घने जंगलों से सटे गांवों में इस तरह की घटनाएं अक्सर देखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के उपाय लगातार बताए जाते हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मी के मौसम में तेंदुए पेड़ों की ऊंची शाखाओं पर आराम करना पसंद करते हैं, जिससे उन्हें ठंडक मिलती है और वे आसपास के वातावरण पर भी नजर रख सकते हैं। ग्रामीणों को ऐसी स्थितियों में सतर्क रहने और वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी जाती है।