बागपत। दोघट थाना क्षेत्र की भड़ल पुलिस चौकी में शनिवार शाम रोहित राणा निवासी भड़ल की मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया और मार्ग पर जाम लगा दिया। वहां आए पुलिसकर्मियों ने किसी तरह समझाकर शांत कराने का प्रयास भी किया, लेकिन वे नहीं माने। रोहित के भाई मोहित ने बताया कि उसका भाई मेरठ की निजी कंपनी में नौकरी करता है और शुक्रवार को घर आया था। पुलिसकर्मी नलकूपों में चोरी के मामले में पूछताछ के लिए उसके भाई को लेकर आए थे। उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे को देखते हुए भड़ल चौकी पर कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई।