बकरीद से पहले रटौल में बकरा चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कस्बा रटौल निवासी शकील पुत्र जमील, जिनकी बस स्टैंड के पास हार्डवेयर की दुकान और मकान है, उनके घर के अहाते से बीती रात अज्ञात चोर दो लाख रुपये कीमत के 6 बकरे चोरी कर ले गए। शकील ने बताया कि उन्होंने रात को मुख्य गेट बंद कर दिया और परिवार समेत घर के अंदर सो गए थे। रात के अंधेरे में चोर ब्रेजा गाड़ी से पहुंचे और मकान का ताला तोड़कर बकरे उठा ले गए। सुबह जब परिवार जागा तो ताले टूटे मिले और बकरे गायब थे। पीड़ित ने जब घर के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो चोरी की वारदात कैमरे में कैद मिली। फुटेज में चोरों को गाड़ी से बकरे ले जाते साफ देखा जा सकता है। घटना के बाद इलाके में अन्य पशुपालकों में भी दहशत का माहौल है। शकील ने रटौल पुलिस चौकी में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है और जल्द कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बकरीद नजदीक आते ही बकरा चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। पिछले साल भी रटौल इलाके से करीब 12 बकरे चोरी हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।