बागपत। सरूरपुर कलां के क्रय केंद्र के तौल लिपिक विशेष का तबादला दूसरे केंद्र पर कराने के लिए 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मुख्य गन्ना अधिकारी राजदीप बालियान को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। विशेष कुमार ने बताया कि दूसरे केंद्र पर तबादला करने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जिसे देने से मना करने पर नौकरी से हटाने की धमकी दी गई। इसके बाद 15 हजार रुपये देना तक हुआ। इसकी शिकायत विशेष कुमार ने एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम से कर दी और बुधवार को रिश्वत देने के लिए मुख्य गन्ना अधिकारी के कार्यालय में पहुंच गया। वहां पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मुख्य गन्ना अधिकारी राजदीप बालियान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कोतवाली पहुंचे तौल लिपिकों ने मुख्य गन्ना अधिकारी पर हर महीने रिश्वत वसूलने का आरोप लगाया। रिश्वत नही देने पर एक तौल लिपिक को चार माह से हटाने का भी आरोप लगाया। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी।