बागपत के अमीनगर सराय क्षेत्र में डौला गांव के पास बसौद नहर पटरी पर अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल बेचते दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 360 लीटर डीजल, 70 लीटर पेट्रोल, एक ऑटो और एक इको कार बरामद की है। बुधवार को डौला पुलिस को सूचना मिली थी कि नहर पटरी पर अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक इको कार तथा एक ऑटो को पकड़ लिया। जांच के दौरान इको कार से आठ केन में 360 लीटर डीजल और ऑटो से तीन केन में 70 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों वाहन चालकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जैकी खान निवासी बिलोचपुरा और सावन निवासी धनौरा सिल्वरनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे हरियाणा से तेल खरीदकर करीब 10 रुपये प्रति लीटर लाभ लेकर यहां बेचते थे। मामले की सूचना पूर्ति विभाग को दी गई, जिसके बाद पहुंचे अधिकारियों ने तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रभारी निरीक्षक मनोज चाहल ने बताया कि पूर्ति अधिकारी की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।