आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रीवा में शुक्रवार को लगभग 50 महिलाओं ने देसी शराब और ठंडी बीयर की दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने दुकान के सामने गंभीरपुर-संजरपुर मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि यह दुकान मंदिर और विद्यालय के पास है, जिससे उन्हें और छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि शराब पीकर आने वाले लोग अक्सर उत्पात मचाते हैं। इससे मंदिर जाने वाली महिलाओं और विद्यालय के बच्चों को असुरक्षा महसूस होती है। उन्होंने मांग की कि शराब की दुकान को तुरंत मंदिर और विद्यालय से दूर स्थानांतरित किया जाए। यह दुकान लुहसा मुबारकपुर नाम से आवंटित है। लेकिन इसका संचालन ग्राम सभा रीवा में गांवों की सीमा पर हो रहा है। सूचना मिलने पर गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हुआ। आवागमन भी सुचारु हो सका। ग्राम प्रधान रीवा जितेंद्र सिंह ने भी अधिकारियों को पत्र लिखकर दुकान हटाने की मांग की है।