फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डॉ. रवि कुमार सिंह बोले- एग्रोफॉरेस्ट्री से धरती की सेहत होगी बेहतर, VIDEO

Avinash Anand Updated Thu, 05 Feb 2026 01:26 PM IST

गंगा समिति एवं शुरुआत समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 26वें आजमगढ़ पुस्तक मेले के तीसरे दिन बुधवार को कृषि एवं उद्यान विभाग के सहयोग से कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। 2 से 8 फरवरी तक हरिऔध कला केंद्र में चल रहे मेले में यह कार्यक्रम 4 फरवरी को संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. रवि कुमार सिंह, संरक्षक काशी जोन ने कहा कि पेड़-पौधे निस्वार्थ रूप से कार्बन क्रेडिट का कार्य कर रहे हैं, इसलिए किसानों को एग्रोफॉरेस्ट्री की ओर प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे प्राकृतिक संसाधनों का संचय होगा और धरती की सेहत बेहतर होगी। अध्यक्षता करते हुए टी रंग राजु, संरक्षक वन आजमगढ़ मंडल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के समय में कृषि ज्ञान विश्वविद्यालय से लेकर खेत की मेड़ तक का ज्ञान पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने पारंपरिक, प्रकृति हितैषी खेती को अपनाने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि डीएफओ आकांक्षा जैन ने कहा कि जागरूकता का सबसे बड़ा माध्यम मीडिया है। सोशल मीडिया के जरिए ऐसे आयोजनों का प्रचार-प्रसार बढ़ाने से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी और वे लाभ उठा सकेंगे। विमर्श सत्र का स्वागत करते हुए उप निदेशक कृषि विभाग आशीष कुमार ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और फार्मर रजिस्ट्रेशन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ रजिस्ट्रेशन पर ही मिलेगा। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सीटीओ अनुराग ने कहा कि राज्य और समाज एक साथ मिलकर ही बड़ी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद ने विद्यार्थियों को पुस्तक पढ़ने की प्रेरणा देते हुए प्रकृति की रक्षा के लिए नारेबाजी करवाई, जिसमें विद्यार्थियों ने जोरदार ‘हम करेंगे’ का नारा लगाया। इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी हरशंकर राम ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें