पाकिस्तान द्वारा 10 मई को सीजफायर उल्लंघन किए जाने के विरोध में रविवार को भाजपा नेता गोविंद दुबे के नेतृत्व में लोग उमड़ पड़े। इस दौरान गुस्साए लोगों ने महाराणा प्रताप तिराहे पर पाकिस्तान के झंडे को जूते-चप्पलों से पीटा और फिर उसे जलाकर पड़ोसी देश के इस रवैए के खिलाफ अपना रोष जाहिर किया। गोविंद दुबे ने कहा कि पाकिस्तान का नाम रखने वाले ने गलती की। हमेशा नापाक इरादे रखने वाले इस देश का नाम बदलकर 'नापाकिस्तान' कर देना चाहिए, ताकि इसका असली चेहरा दुनिया के सामने आए। आतंकी देश का नाम 'पाक' से शुरू नहीं होना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पाकिस्तान की इस 'घटिया हरकत' का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। हम सभी भारतीय सरकार के साथ हैं और पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए हर आदेश का पालन करने को तैयार हैं। इस दौरान लोगों ने पाकिस्तान के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन में बसपा नेता अरुण पाठक, मिंटू सिंह, आकाश मिश्रा, अरुण चौरसिया, धर्मवीर, युधिष्ठिर दुबे, आलोक पाठक, सुजीत मिश्रा, राजू सोनकर, अनिल तिवारी, कुलदीप मौर्य आदि शामिल रहे।