राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तत्वावधान में शनिवार को स्वामित्व योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देश भर के लगभग 50 हजार ग्रामों में 58 लाख प्रापर्टी कार्ड का वितरण रिमोट का बटन दबाकर किया गया। इसका सीधा प्रसारण हरिऔध कला केंद्र आजमगढ़ में किया गया। मंत्री दारा सिंह चौहान ने लाभार्थियों को घर के मालिकाना हक मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओ, गरीबों के हित में अनेक योजनाएं लागू की गयीं हैं। जिनका लाभ सभी को मिल रहा है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण भारत के लिए “एकीकृत संपत्ति सत्यापन समाधान” प्रदान करना है। ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों का सीमांकन ड्रोन सर्वेक्षण तकनीक का इस्तेमाल करके किया जाएगा। घरौनी में आबाद भूखंड की सही-सही नापी व क्षेत्रफल अंकित रहता है। स्वामित्व योजना लागू हो जाने से आबादी भूमि का उचित संपत्ति स्वामित्व दस्तावेज (घरौनी) तैयार हो जाने के कारण विवाद में कमी आयेगी। इसके बाद मंत्री, जिलाधिकारी व एसपी ने पल्हनी के ग्राम पंचायत गेलवारा के लाभार्थी सेतु, बलई, सर्वोत्तम, राजबली, इन्द्रप्रताप, ग्राम पंचायत हाफिजपुर के लाभार्थी सुरेन्द्र, गुड्डु, रामहित, रामपति, बृकेश, हरिकिशुन, श्रीकिशुन, ग्राम पंचायत कोडर अजमतपुर के लाभार्थी सोनू कुमार, अनिल, पंकज वर्मा, रामलखन, अजीत मौर्य, विपिन आदि को प्रतीकात्मक रूप से घरौनी (प्रापर्टी कार्ड) का वितरण किया गया। जनपद के कुल 755 राजस्व ग्रामों में 54,575 घरौनियों (प्रापर्टी कार्ड) का वितरण किया गया। कार्यक्रम में डीएम नवनीत सिंह चहल, एसपी हेमराज मीना, सीआरओ विनय कुमार गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह, उप जिलाधिकारी संत रंजन, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नन्दिनी शाह आदि मौजूद रहे।