तरवां थाना क्षेत्र के ठाटा तरवां गांव से बेल्थरा बलिया गई बारात में बारातियों के दो पक्ष डीजे पर गाना बजाने को लेकर आपस में भिड़ गए। बारात के वापस आने पर गांव के लोगों ने रिश्तेदारों को रोक लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। उनकी गाड़ियां तोड़ दी। सूचना पर पहुंची पुलिस की गाड़ी को भी लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले आई। ठाटा तरवां गांव निवासी हरेंद्र चौहान पुत्र रामायण चौहान की बारात शुक्रवार को बेल्थरा बलिया गई थी। बारात में गांव के साथ ही गाजीपुर जनपद के सादियाबाद से हरेंद्र चौहान के बहनोई और गांव के लोग गए थे। हरेंद्र अपने जीजा के यहां बचपन से ही रहता था इसलिए उसने गांव के लोगों को भी निमंत्रण दिया था। बारात में डीजे पर गाने बजाने को लेकर ठाटा तरवां और सादियाबाद के लोगों में मारपीट हो गई। सुबह बारात विदा होकर ठाटा तरवां गांव पहुंची। जब सादियाबाद के रिश्तेदार जाने लगे तो गांव के लोगों ने उन्हें रोक लिया और जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी भी हुई। गांव के लोगों ने सादियाबाद से आए लोगों की बाइक और चार पहिया वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने पुलिस को भी नहीं बख्शा और उसकी गाड़ी पर भी पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने मौके से 14 लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले आई।