रामनगरी में साहित्य प्रेमियों के लिए रविवार को एक खास अवसर रहा। शहर के कोहिनूर पैलेस परिसर में छह दिवसीय फैजाबाद पुस्तक मेले का शुभारंभ हुआ। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुस्तकें ही भविष्य हैं, जो इतिहास को जीवित रखती हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट के युग में ऐसे आयोजन समाज को ज्ञान और संस्कृति से जोड़ने का काम कर रहे हैं। चंपत राय ने मेले के आयोजक पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री और नारायण दास खत्री मेमोरियल ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अन्य जिलों में भी इस तरह के पुस्तक मेले आयोजित होने चाहिए। इससे शिक्षा और पाठन के प्रति समाज की रुचि बढ़ती है और नई पीढ़ी को पुस्तकों से जुड़ने का अवसर मिलता है। 16वां फैजाबाद पुस्तक मेला 12 से 17 अक्तूबर तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में देश भर के विभिन्न प्रकाशकों की पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं। पहले ही दिन पुस्तक प्रेमियों की भीड़ ने आयोजन को खास बना दिया। इस अवसर पर डॉ. निर्मल खत्री, राजकुमार खत्री, रीता खत्री, नमिता मेहरोत्रा, हरिकृष्ण अरोड़ा, उग्रसेन मिश्र, दीपचंद सिंह, अरविंद सिंह, आरके सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह समेत कई शिक्षाविद्, साहित्यकार और स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।