गोवंशीय पशुओं के वध व अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में थाना तारून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने धौरहरा कुटी के जंगल से वध हेतु ले जाए जा रहे 27 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया और एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना सोमवार की रात करीब 12:30 बजे छापा मारा। जंगल में पिकअप संख्या UP32HV3034 पर गोवंश लादते समय खुर्शीद आलम निवासी पारा, सरायमीर, आजमगढ़ को दबोच लिया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसके 5 साथी मौके से फरार हो गए। मौके से पिकअप पर लदे 3 गोवंशीय पशु मिले। पास के शीशम के जंगल में बंधे 24 और गोवंश बरामद हुए। सभी 27 पशुओं को मुक्त कराकर गोशाला फतेहपुर कमासिन भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से एक विकप कार और 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में गिरफ्तार खुर्शीद ने बताया कि गिरोह में राकेश वर्मा, राजेश यादव, झिनकान यादव निवासी आत्माराम का पुरवा, खंडगपुर, अहिरौली, अम्बेडकरनगर, कामरान निवासी सरायमीर, आजमगढ़ और बब्लू निवासी शाहगंज, जौनपुर शामिल हैं। स्थानीय राकेश, झिनकान व राजेश पशुओं को पकड़कर जंगल में छिपाते थे। खुर्शीद, कामरान व बब्लू इन्हें ग्राम मुडियार, फूलपुर, आजमगढ़ व अन्य स्थानों पर ले जाकर वध हेतु बाहर भेजते थे। बब्लू कार से रैकी करता था। शातिर हैं आरोपी गिरफ्तार खुर्शीद पर आजमगढ़ व जौनपुर में गोवध अधिनियम व पशु क्रूरता के 4 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फरार राजेश यादव व झिनकान पर भी थाना तारून व अहिरौली में गोवध के कई केस दर्ज हैं।पुलिस टीम में उ0नि0 रितेश सिंह, उ0नि0 अंशुल वर्मा व हे0का0 अशोक यादव, मोहित यादव, गंभीर सिंह, सोनू यादव ,आशीष यादव, विनोद गुप्ता शामिल रहे। थाना प्रभारी देवेंद्र पाण्डेय ने बताया कि थाना तारून में गोवध निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर खुर्शीद को न्यायालय में पेश किया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।