अयोध्या में बृहस्पतिवार को विजयदशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य पथ संचलन आयोजित किया गया। यह यात्रा समरसता और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर रामकथा पार्क से प्रारंभ हुई। हजारों स्वयंसेवकों की अनुशासित टुकड़ियों ने भगवा ध्वज के साथ जब नगर भ्रमण शुरू किया तो पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। पथ संचलन का समापन राम मंदिर के मुख्य द्वार बिड़ला धर्मशाला के पास हुआ। यहां विभिन्न जातियों के मंदिरों के पीठाधीश्वर, संत, महात्माओं की उपस्थिति में सहभोज का आयोजन किया गया।