राममंदिर परिसर में 29 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 5 बजे राम मंदिर के परकोटा में बने भगवान शिव मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। इस खास मौके से पहले मुख्यमंत्री राम लला और हनुमानगढ़ी में विधिवत दर्शन-पूजन भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीएम शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने अपनी टीम के साथ एयरपोर्ट, राम कथा पार्क, हेलीपैड और अन्य स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।कार्यक्रम के दौरान अयोध्या धाम में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस आयोजन में भाजपा, जनप्रतिनिधियों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीब 700 स्थानीय कार्यकर्ता शामिल होंगे। परकोटा के उत्तर-पूर्वी कोने में मंच तैयार किया जा रहा है, जबकि पूर्व दिशा में वीआईपी के बैठने की व्यवस्था होगी। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण भी किया जाएगा और मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।