रामनगरी में छठ महापर्व के अवसर पर सोमवार शाम पवित्र सरयू के घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में घाट पर पहुंचीं। सिर पर सूप और हाथों में पूजा की टोकरी लिए व्रतधारी महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और भजनों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह लाइटें सजाई गईं, बैरिकेडिंग की गई और पुलिस व गोताखोरों की टीम सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा। गुप्तार घाट पर श्रद्धालु परिवारों के संग पूजा-अर्चना में लीन रहे। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस नजारे ने अयोध्या को एक बार फिर धार्मिक रंग में रंग दिया। छठ महापर्व पर आस्था और अनुशासन का यह संगम देखने वाला हर कोई भावविभोर नजर आया।