मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रुदौली पहुंचकर राम मंदिर में दान और कथित अनियमितताओं के मामले में चल रही एसआईटी जांच पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस समाजवादी पार्टी ने कारसेवकों पर गोली चलवाई थी, वही आज उपदेश दे रही है। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ है, इसलिए सभी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भावना को ध्यान में रखते हुए एसआईटी की जांच का इंतजार करना चाहिए। वहीं, अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह कोई अफवाह का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि प्रकरण राष्ट्रीय महत्व का है और इसकी जांच सर्वोच्च न्यायालय के संज्ञान में लेकर कराई जानी चाहिए।