राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व गुरुवार सुबह 8:00 बजे से ही राम मंदिर परिसर में आमंत्रित सदस्यों का पहुंचना शुरू हो गया। इस दौरान पहुंचे अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अयोध्या पूरी तरह बदल चुकी है। कई लोगों ने बताया कि वे वर्ष 1992 में भी यहां आए थे, लेकिन उस समय की तुलना में आज की अयोध्या बेहद भव्य और व्यवस्थित नजर आ रही है। उन्होंने इसे एक सुखद और अविस्मरणीय अनुभव बताया। अतिथियों ने कहा कि उन्हें राम मंदिर में आमंत्रित किया जाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वहीं, राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर पूरे क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जगतगुरु आद्य शंकराचार्य द्वार सहित प्रमुख स्थलों पर विशेष साज-सज्जा की गई है। स्वागत के लिए तैनात कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां शुरू कर दी हैं।