स्वतंत्रता दिवस पर रामनगरी रामभक्ति और राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में जय श्रीराम के उद्घोष के बीच तिरंगा शान से लहराया और राष्ट्रगान गूंजा। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में दो स्थानों पर ध्वजारोहण हुआ। श्रद्धालु सुविधा केंद्र के सामने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी महंत दिनेन्द्रदास ने तिरंगा फहराया। वहीं शेषावतार मंदिर के पास पुलिस विभाग की ओर से क्षेत्राधिकारी महेंद्र शुक्ला ने ध्वजारोहण कर सलामी दी। इस दौरान रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर की भव्यता और तिरंगे की शान ने माहौल को खास बना दिया। मंदिर में दुधमुंही बच्ची को छोड़कर जाने वालों की पहचान और तलाश में अहम भूमिका निभाने वाले नियंत्रण कक्ष के पुलिसकर्मी ब्रजेन्द्र यादव और अवधेश पांडे को भी सम्मानित किया गया। क्षेत्राधिकारी परिसर रंजना गुप्ता, चौकी प्रभारी सुनील कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।