राम मंदिर परिसर के विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने विभिन्न परियोजनाओं को लेकर बड़ा अपडेट दिया। मंदिर परिसर में अत्याधुनिक संरक्षण प्रयोगशाला स्थापित की गई है, जिसे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सहयोग से तैयार किया गया है। आईजीएनसीए के दो विशेषज्ञ अगले तीन वर्षों तक अयोध्या में तैनात रहकर स्थानीय कर्मचारियों को संरक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण देंगे। प्रयोगशाला का उद्देश्य सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों का संरक्षण करना है। वहीं, राम मंदिर परिसर में बन रही हनुमान गैलरी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो रहा संग्रहालय दिसंबर माह या उसके बाद खोले जाने की योजना है। मंदिर परिसर में अगला ध्वजारोहण समारोह 29 मई को होगा, जिसकी व्यवस्थाएं चंपत राय देख रहे हैं।