श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद की नियुक्ति के लिए बुधवार को दूसरे दिन भी साक्षात्कार प्रक्रिया जारी रही। सुबह से ही पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। इस दौरान एक पूर्व ब्रिगेडियर भी साक्षात्कार के लिए पहुंचे। उन्होंने अपना वाहन बाहर खड़ा किया और ट्रस्ट के वाहन से परिसर में प्रवेश किया। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को क्रमवार साक्षात्कार के लिए बुलाया जा रहा है। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन समिति तीन नामों का पैनल तैयार करेगी। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आगामी बैठक में इन तीन नामों में से एक नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। बैठक दो सितंबर को प्रस्तावित है। सीईओ पद की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है।