बार एसोसिएशन सभागार में बुधवार को श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया और मामले में अब तक एफआईआर दर्ज न होने पर नाराजगी व्यक्त की। अधिवक्ताओं का कहना था कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं, इसके बावजूद पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसे लेकर न्यायिक प्रक्रिया और निष्पक्ष जांच पर सवाल उठाए गए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो अधिवक्ता आंदोलन तेज करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को विशेष संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। बैठक के अंत में अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर व्यापक आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।