बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के मरुई सहाय सिंह गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग संख्या 23/10 पर रेल फाटक या अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण रेल लाइन किनारे जुटे और गेट नहीं तो वोट नहीं का बैनर लगाकर धरना-प्रदर्शन किया। इसमें जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद मुस्लिम शेख सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग करीब एक दर्जन गांवों के 3 से 4 हजार लोगों के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता है, जो शेरपुर पारा बाजार होते हुए प्रयागराज हाईवे से जुड़ता है। रेलवे द्वारा दोनों ओर गड्ढे खोद देने से रास्ता पूरी तरह असुरक्षित हो गया है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों व आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। सूचना पर पहुंचे रेलवे एसआईबी अधिकारी परमहंस चौरसिया ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और मांग पत्र लेकर उच्च अधिकारियों तक समस्या पहुंचाने का आश्वासन दिया।