तारुन क्षेत्र के तारड़ीह गांव निवासी कमलेश यादव का 12 वर्षीय पुत्र आर्यन रविवार को दिन में दो बजे पिता की डांट से नाराज होकर कहीं चला गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 और चौकी गयासपुर में सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवेंद्र पांडे ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ खोजबीन शुरू कर दी। चौकी प्रभारी गयासपुर विक्रम सिंह को सोमवार सुबह लगभग 8 बजे बच्चा मंगापुर भट्ठा के पास सकुशल मिल गया। पुलिस बच्चे को चौकी लाई और परिजनों के सामने पूछताछ के बाद सकुशल परिजनों को सौंप दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने चौकी गयासपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए चौकी प्रभारी गयासपुर विक्रम सिंह का आभार जताया। क्षेत्र में भी पुलिस के इस कार्य की प्रशंसा हो रही है।