अयोध्या में एक बार फिर दिव्यता और भव्यता के प्रकाश से जगमगाने को तैयार है। 19 अक्तूबर को राम की पैड़ी पर होने वाला दीपोत्सव इस बार पहले से भी अधिक अद्भुत और ऐतिहासिक होने जा रहा है। दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करने प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कमिश्नर कार्यालय के सभागार में बैठक की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार किसी भी स्तर पर कोई चूक न हो। क्योंकि दीपोत्सव केवल एक आयोजन नहीं बल्कि आस्था और संस्कृति का उत्सव है। मंत्री ने बताया कि इस बार अयोध्या अपने ही बनाए रिकॉर्ड को तोड़ेगी। 26 लाख दीपों से सरयू तट और राम की पैड़ी आलोकित होगी। जबकि 2100 अर्चक एक साथ सरयू आरती कर दिव्यता का अद्भुत दृश्य रचेंगे। आकाश में 1100 ड्रोन शो प्रभु श्रीराम की लीलाओं को उजागर करेगा। इसके साथ ही रामायण के सातों कांडों पर आधारित 14 झांकियां सात पर्यटन विभाग की और सात सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की साकेत महाविद्यालय से निकलेंगी, जो अयोध्या को त्रेता युग की यादों में ले जाएंगी। झांकियों पर पुष्प वर्षा की जाएगी और पूरा नगर दीपों से नहाया नजर आएगा। मंत्री ने कहा कि इन सबके पीछे अयोध्या को विश्व स्तरीय नगरी के रूप में प्रस्तुत करना प्रमुख लक्ष्य है। लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन का जो दृश्य था, उसी उत्साह और आस्था के वातावरण को फिर से सजीव करने का प्रयास किया जा रहा है।