प्रमुख सचिव बेसिक और माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा शनिवार को अयोध्या पहुंचे। वह महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रांतीय सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश भर से आए प्रधानाचार्यों के साथ शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य परिषद के माध्यम से शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव, समस्याएं और अनुभव सामने आए हैं, जिन्हें गंभीरता से सुना गया है और उन पर शासन स्तर पर विचार किया जाएगा। इसके बाद प्रमुख सचिव ने सर्किट हाउस में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयों की व्यवस्थाओं, शिक्षकों की स्थिति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप दिशा-निर्देश भी दिए। तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण के सवाल पर प्रमुख सचिव शर्मा ने कहा कि प्रदेश में करीब 2000 शिक्षक हैं, उनके अभिलेखों की जांच की जा रही है और नियमों के अनुसार उन्हें विनियमित करने की प्रक्रिया प्रगति पर है।