पड़ेलवा चौराहे पर शनिवार रात अज्ञात कारणों से पीपल और आम के पेड़ में आग लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण सैनी ने बताया कि रात में विद्युत आपूर्ति न होने से पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो सकी, जिसके कारण आग पूरी रात सुलगती रही। रविवार में दोबारा फायर ब्रिगेड को बुलाया गया जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका लेकिन दोपहर करीब 2:05 बजे आग से जला हुआ पीपल का विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से 11000 वोल्ट की विद्युत लाइन के दो-तीन पोल क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में सड़क किनारे खड़ी तीन बाइकें भी पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति चपेट में नहीं आया। श्रवण सैनी ने बताया कि लाइट कटवाने के लिए गोसाईगंज के गद्दोपुर फीडर पर फोन किया गया लेकिन फोन नहीं उठा। डीएम कार्यालय पर फोन करने के बाद लाइट कटी। सूचना पर तारुन पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया है।