मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या मंडल के सभी विधायकों को 26 जुलाई को लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर तलब किया है। सभी विधायक पीडब्ल्यूडी और पर्यटन विकास के कार्यों से संबंधित डाक्यूमेंट्स लेकर मुख्यमंत्री के सामने प्रेजेंटेशन देंगे। जो कार्य पूरे हो गए हैं या जो काम होने हैं, उन सभी को लेकर मुख्यमंत्री अयोध्या मंडल के विधायकों से फीडबैक लेंगे। 26 जुलाई को दोपहर बाद तीन बजे पांच कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर विधायकों की बैठक होगी। मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस में अयोध्या के सभी विधायकों ने पर्यटन व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ मंथन किया। किस विधायक के क्षेत्र में क्या काम हुए हैं और कौन से काम और होने हैं, इस पर मुख्यमंत्री फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री की बैठक में सपा से निष्कासित विधायक अभय सिंह और राकेश प्रताप सिंह भी शामिल होंगे।