माघ मेला के दौरान मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या स्नान पर्व की अयोध्या में तैयारी कर ली गई है।15 जनवरी को मकर संक्रांति स्नान और 18 जनवरी को मौनी अमावस्या स्नान है। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए अयोध्या जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। व्यापक स्तर पर भीड़ प्रबंधन की तैयारी की गई है। प्रशासन के मुताबिक, यदि अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की संख्या क्षमता से अधिक होती है तो रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की जाएगी। अयोध्या को जोड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को अस्थायी रूप से रोका जाएगा। जैसे ही भीड़ का दबाव कम होगा, श्रद्धालुओं को जत्थों में अयोध्या धाम की ओर प्रवेश कराया जाएगा। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी क्षेत्र में भीड़ का दबाव सबसे अधिक रहता है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, ताकि समय रहते भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा सके। इसके साथ ही सरयू नदी के स्नान घाटों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। घाटों को सेक्टर और जोन में बांट कर राजपत्रित अधिकारियों और सीओ स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला और पुलिस प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर पुख्ता व्यवस्था की गई है।