मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को एक और बड़ी सौगात दी है। मऊशिवाला क्षेत्र के पास नगर निगम की ओर से 17.72 करोड़ रुपये की लागत से भव्य लवकुश पार्क विकसित किया जाएगा। यह पार्क कचरे से कला थीम पर आधारित होगा, जिसमें स्क्रैप धातु और बेकार सामग्री से रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप दिया जाएगा। पार्क में अश्वमेध यज्ञ, वनवास, राम-सीता मिलन और लव-कुश प्रसंग मुख्य आकर्षण होंगे। साथ ही 3डी इंस्टॉलेशन, साउंड-लाइट शो और इंटरएक्टिव मॉडल पर्यटकों को डिजिटल अनुभव प्रदान करेंगे। पार्क में वॉकवे, सुंदर गार्डन, बैठने की व्यवस्था, हाईटेक लाइटिंग और सुरक्षा सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के अनुसार छात्रों के लिए शैक्षिक भ्रमण और वर्कशॉप भी आयोजित होंगी।