थाना बाबा बाजार क्षेत्र में एक महिला का शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बलवंत चौधरी ने बताया कि थाना बाबा बाजार क्षेत्रांतर्गत महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में झाड़ियों में मिला था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए हैं, वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।