सावन की शिवरात्रि पर रामनगरी बम बम भोले के जयकारों से गूंज उठी। दूरदराज क्षेत्र से हजारों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। सरयू में स्नान कर जल भरकर भगवान श्रीराम के पुत्र कुश की ओर से स्थापित प्राचीन नागेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से कई जगह बैरियर लगाए गए हैं। एक-एक बैरियर खोलकर श्रद्धालुओं को टोली के हिसाब से नागेश्वर नाथ मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। बैरियर खुलते ही बम बम भोले के जयकारों से शिवभक्त मंदिर की तरफ बढ़ रहे हैं और मंदिर के अंदर गर्भगृह में पहुंचकर नागेश्वर नाथ पर जलाभिषेक कर रहे हैं। मान्यता है कि भगवान श्रीराम के पुत्र कुश की ओर से स्थापित इस मंदिर में जलाभिषेक करने से सारी मनोकामना पूरी होती हैं। जिला प्रशासन ने जोन और सेक्टर बनाकर फोर्स का डेप्लॉयमेंट किया है ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो और सभी श्रद्धालु सरयू में स्नान कर नागेश्वर नाथ में जलाभिषेक कर सरयू जल लेकर अपने गंतव्य को वापस लौट सकें।