भीषण गर्मी में बिजली और पानी संकट के विरोध में अयोध्या धाम के निवासियों ने प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 15-20 दिन से अयोध्या धाम में बिजली की भीषण समस्या उत्पन्न हो गई है। रात भर बिजली नहीं रहती है। बिजली आती भी है तो लो वोल्टेज रहता है। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से राम मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बिजली और पानी का संकट गहरा हो गया है। जिससे परेशान लोगों ने बिजली विभाग और जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकर्ताओं का कहना है कि हम लोग स्थानीय नागरिक हैं, कुछ लोग व्यवसायी और दुकानदार हैं। पिछले दो साल से निर्माण कार्य और चौड़ीकरण का काम चल रहा है। पानी की पाइप लाइन बिछी है लेकिन पानी नहीं आ रहा है। इतनी भीषण गर्मी है कि बिजली न आने पर रात में लोग अपने घरों से सड़कों पर घूमने का मजबूर हैं। बिजली विभाग में अगर शिकायत करने के लिए फोन करो तो कोई उठाता नहीं है। जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।अयोध्या में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। हम लोगों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री मोदी से निवेदन है कि इस मसले को जरूर अपने संज्ञान में लेते हुए इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें। बिजली विभाग का कोई अधिकारी यहां पर नहीं आता। बिजली विभाग के अफसर यह कह कर पल्ला झाड़ लेते हैं कि यहां पर कुछ उपकरण लगने हैं, जो अभी उपलब्ध नहीं हैं। जब उपलब्ध होगा तब लगाया जाएगा।