राम मंदिर बनने के बाद अब अयोध्या के चारों तरफ विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। अयोध्या के सुंदरीकरण के लिए योगी सरकार के प्रयास से करोड़ों रुपये की धनराशि से भगवान राम से संबंधित रामायणकालीन प्रसंग का चित्रण किया जा रहा है। अयोध्या विकास प्राधिकरण विभिन्न चौराहों पर प्रभु श्रीराम से जुड़े स्तंभ लगवा रहा है। अयोध्या आने वाले देश दुनिया के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। अयोध्या के जमथरा घाट, कनौसा तिराहा, भरतकुंड और उदया चौराहे के पास ये स्तंभ लगाए जा रहे हैं। ये स्तंभ चक्र, तिलक और कलश के रूप में स्थापित किए जाएंगे। अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने बताया कि स्तंभ स्थापित कराने का काम तेजी से चल रहा है।