श्रीराम जन्मभूमि परिसर की दानपेटिका में कथित अनियमितता और चढ़ावे की चोरी के आरोपों को लेकर धर्म सेना प्रमुख एवं पूर्व शिवसेना नेता संतोष दुबे मंगलवार को थाना राम जन्मभूमि पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपी। उन्होंने चार नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। संतोष दुबे ने कहा कि रामभक्तों के चढ़ावे में अनियमितता की खबरों से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दुबे ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने बताया कि विरोध स्वरूप बुधवार को सरयू तट पहुंचकर सरयू नदी को तहरीर अर्पित की जाएगी। उनका कहना है कि रामभक्तों के दान से जुड़े मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।