अयोध्या में विजयदशमी के पावन अवसर पर मां दुर्गा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा जीआईसी मैदान से शुरू होकर फतेहगंज, सुभाष नगर, बजाजा, चौक होते हुए निर्मली कुंड की ओर प्रस्थान हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह भक्तों की भीड़ उमड़ी और चौक पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। जिले में इस बार कुल 2154 और शहर में 200 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी। सभी प्रतिमाएं शोभायात्रा के रूप में विसर्जन स्थल निर्मली कुंड की ओर रवाना हुईं।