रामनगरी में रविवार को ई-रिक्शा चालकों ने अपनी समस्याओं को लेकर जीआरपी और आरपीएफ के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के आसपास उन्हें ई-रिक्शा खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाती, जिससे यात्रियों को बैठाने में भारी परेशानी होती है और उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है। ई-रिक्शा चालकों का आरोप है कि शहर में उनके लिए अब तक कोई भी निर्धारित स्टैंड नहीं बनाया गया है। वे जहां भी सवारी के इंतजार में ई-रिक्शा खड़ा करते हैं, वहां पुलिसकर्मी उन्हें भगा देते हैं। चालकों का कहना है कि इससे न सिर्फ उनकी आमदनी पर असर पड़ रहा है, बल्कि बार-बार अपमानित भी होना पड़ता है। चालकों ने बताया कि कैंट रेलवे स्टेशन पर जैसे ही ट्रेन से उतरकर यात्री बाहर आते हैं और वे उन्हें ई-रिक्शा में बैठाने का प्रयास करते हैं, तभी जीआरपी और आरपीएफ के जवान डंडा दिखाकर उन्हें वहां से भगा देते हैं। ई-रिक्शा चालकों की मांग है कि प्रशासन उनके लिए रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों के पास एक निर्धारित ई-रिक्शा स्टैंड बनाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना रोजगार कर सकें और यात्रियों को भी सुविधा मिल सके।