सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दिल्ली में गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सपाइयों का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार शाम पार्टी कार्यालय पर जुटे कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर कूच करने लगे। इसी बीच पहुंची पुलिस ने सभी को छाया चौराहे पर ही रोक लिया। नाराज कार्यकर्ता चौराहे पर ही धरने पर बैठ गए और हंगामा करने लगे। कार्यकर्ता अखिलेश की रिहाई की मांग कर रहे थे। सपा जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री जंतर मंतर पर धरना दे रहे छात्रों के समर्थन में दिल्ली गए हुए थे, जहां पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की इस तरह से गिरफ्तारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्हें तत्काल रिहा नहीं किया गया तो सपाई आरपार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे। करीब आधा घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार से समझा बुझाकर शांत कराया। इस मौके पर पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, हिमांशू यादव, ताज बाबा राइन, अजय वर्मा, पूनम यादव, आशीष सिंह आर्यन, साफे जुबेरी, वीरेंद्र प्रधान, प्रीतम सिंह वर्मा, कामता यादव, अमित यादव आदि मौजूद रहे।