रामनगरी में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय ग्रामीण विकास संस्थान में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तीकरण, राष्ट्रीय पोषण माह, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, अपराध मुक्त और भयमुक्त समाज की स्थापना जैसे सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। महाअष्टमी के शुभ अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 11 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया, वहीं 11 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी हुई। इस दौरान स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता संबंधी आयोजन भी हुए। कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण रहा 101 कन्याओं का पूजन और कन्या भोज, जिसमें कन्याओं को भोजन, मिष्ठान, फल, खिलौने और दक्षिणा देकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल आस्था से जुड़ा रहा बल्कि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान की दिशा में सशक्त पहल साबित हुआ।