रामनगरी अयोध्या के बाद अब त्रिनिदाद और टोबैगो में 'मिनी अयोध्या' के रूप में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी रामलला के दर्शन करने पहुंचे जयपुर फुट यूएसए के चेयरमैन और एनआरआई प्रेम भंडारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी। वह रामलला के दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या पहुंचे थे। प्रेम भंडारी ने बताया कि त्रिनिदाद में बनने वाले राम मंदिर के लिए प्रभु श्रीराम की प्रतिमा पहले ही वहां पहुंच चुकी है। यह अयोध्या में विराजमान रामलला की प्रतिमा से मिलती-जुलती है। इस मंदिर का उद्देश्य उत्तरी अमेरिका और कैरेबियाई देशों में रहने वाले रामभक्तों को आध्यात्मिक केंद्र उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना स्थानीय सरकार के सहयोग से संचालित होगी। इसमें लगभग 40 हिंदू संगठन सहभागी हैं। मंदिर परिसर को 'मिनी अयोध्या' के रूप में विकसित किया जाएगा। रामलला के दर्शन के बाद भावुक हुए प्रेम भंडारी ने कहा कि यह मंदिर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को वैश्विक स्तर पर और सशक्त करेगा।