रामनगरी अयोध्या में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पहुंचे। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। एलान किया कि 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर प्रयागराज से अयोध्या तक पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा अयोध्या में आकर समाप्त होगी और इसके जरिये प्रदेश में बढ़ते सामाजिक अन्याय, भेदभाव और अन्य मुद्दों को जनता के बीच रखा जाएगा। संजय सिंह ने बरेली में हुए बुलडोजर एक्शन को लेकर सरकार पर हमला बोला और कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी स्पष्ट किया है कि बिना प्रक्रिया पूरी किए किसी का घर उजाड़ना कानून के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई में मुसलमानों के घरों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं और प्रदेश सामाजिक अन्याय का गढ़ बन चुका है। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक पर भी सरकार को घेरा। धार्मिक विवाद पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि आई लव महादेव है तो हम जाकर मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। आई लव मोहम्मद तो उनके धर्म के मुताबिक ही नहीं है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता का विषय नहीं होना चाहिए।