यूपी के अयोध्या में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मानव शृंखला बनाई गई। इसके साथ ही 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में पहली बार मतदाता बन रहे युवाओं को बैज लगाकर टोपी पहना कर सम्मानित किया गया। एसआईआर के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ भी सम्मानित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ मतदान और मतदाता के महत्व पर विचार रखे गए। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि कार्यक्रम में मौजूद छात्र - छात्राएं आने वाले समय के मतदाता हैं। इस तरह के आयोजनों से इन्हें मतदान और मताधिकार दोनों के बारे में जानकारी मिलती है। उन्होंने बताया कि जिले में युवा मतदाता अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से कॉलेजों में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाली युवाओं को वोटर बनाया जा रहा है।