अयोध्या में आयोजित चौथी राम मंदिर तीर्थ यात्रा के तहत देश-विदेश से आए 107 राम भक्तों ने प्रभु श्रीराम के दर्शन किए। दिल्ली स्टडी ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. विजय जौली के नेतृत्व में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सुबह पहले हवन-पूजन कर विश्व शांति की कामना की। प्रातः 8 से 9 बजे के बीच जानकी महल धर्मशाला में विशेष हवन का आयोजन किया गया, जिसमें अमेरिका-ईरान-इजराइल तथा रूस-यूक्रेन जैसे वैश्विक संघर्षों की समाप्ति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने राम मंदिर में रामलला के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर चंपत राय से भी प्रतिनिधिमंडल की विशेष भेंट वार्ता हुई। यात्रा में दिल्ली के 101 श्रद्धालुओं के साथ सिंगापुर से आए 6 राम भक्त भी शामिल रहे। तीर्थ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमानगढ़ी, कनक भवन, नागेश्वरनाथ मंदिर, राम की पौड़ी और गुप्त घाट सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण किया। आयोजकों के अनुसार, यह यात्रा वैश्विक सद्भाव और शांति का संदेश देने के उद्देश्य से संपन्न हुई, जिसमें रामभक्तों ने एक स्वर में विश्व कल्याण की कामना की।