पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना के अजेय रहने और भारत के शत्रुओं के समूल नाश की मनोकामना के साथ अयोध्या की तपस्वी छावनी में धार्मिक अनुष्ठान किया गया। इस दौरान सर्व शत्रु संहारणाय महायज्ञ का आयोजन हुआ। वैदिक विद्वानों की मौजूदगी में तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर और साधु संतों ने आहुतियां डाली और भारतीय सेना को संबल प्रदान करने की मनोकामना के साथ भारत के समस्त शत्रुओं के नाश के लिए यज्ञ किया। दरअसल पहलगाम की घटना के बाद से ही भारत में आक्रोश देखा जा रहा है। रामनगरी अयोध्या में भी पहलगाम की घटना के प्रतिशोध को लेकर लगातार मांग उठ रही है। कहीं पर धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे तो कहीं पर विरोध प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा जा रहा है। अब धर्माचार्य अपनी तरह से पाकिस्तान पर हमले की स्थिति में भारतीय सेना के अजेय रहने और शत्रुओं के नाश के लिए धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगदगुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि भारत के शत्रु के समूल नाश के लिए सर्व शत्रु संहारणाय महायज्ञ का आयोजन किया गया। भारतीय सेना अपराजय रहे, भारत का गौरव निरंतर बढ़ता रहे, आतंकवाद को मिटाने और मानवता को बचाने की लड़ाई में पूरा विश्व भारत के साथ खड़ा हो, इसी मनोकामना के साथ सर्व शत्रु संहारणाय महायज्ञ का आयोजन किया गया।